विश्व प्रसिद्व फूलों की घाटी में बारिश होने के बाद खिलने लगे फूल।
- फोटो : GOPESHWAR
ऊंचाई वाले स्थानों पर हो रही बारिश से फूलों की घाटी में तेजी से फूल खिलने शुरू हो गए हैं। घाटी में अभी 25 से अधिक प्रजाति के फूल खिल गए हैं।
फूलों की घाटी एक जून से पर्यटकों के लिए खोल दी गई थी, लेकिन लंबे समय से बारिश नहीं होने से घाटी में कम प्रजाति के फूल ही खिल पा रहे थे। पिछले दिनों ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बारिश होने के साथ ही घाटी में फूलों के खिलने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसके बाद से घाटी में धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लग गई है। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन भारती का कहना है कि बारिश के साथ ही घाटी में फूलों की बहार आने लग गई है। अभी तक घाटी में 25 से अधिक प्रजाति के फूल खिल चुके हैं। जून के अंतिम सप्ताह तक यहां काफी अधिक संख्या में फूल खिल जाएंगे। 20 जून के आसपास मानसून आने की भी संभावना है, जिसके बाद अच्छी बारिश होगी तो फूल भी तेजी से खिलने शुरू हो जाएंगे। जुलाई और अगस्त में यहां 300 से अधिक प्रजाति के फूल खिलते हैं। उन्होंने बताया कि एक जून से अभी तक 1384 पर्यटक घाटी का दीदार कर चुके हैं, जिसमें 17 विदेशी पर्यटक शामिल हैं, जिसमें स्पेन, फ्रांस, स्वीडन, जर्मनी, इजराइल के पर्यटक शामिल हैं।