कर्णप्रयाग। कनोठ-मल्ली गैरोली सड़क की कटिंग से राजकीय जूनियर हाईस्कृल और प्राथमिक विद्यालय सिमल्ट की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में मध्याह्न भोजन बनाने और पीने के पानी की समस्या हो गई है।
ग्राम प्रधान पूनम देवी ने बताया कि लोनिवि गौचर कनोठ-मल्ली गैरोली सड़क का निर्माण कर रहा है। इस सड़क के निर्माण से राजकीय जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय सिमल्ट की पेयजल लाइन आए दिन बाधित हो रही है। इससे पूर्व ढाई माह से बाधित रही पेयजल आपूर्ति को लोनिवि ने विगत 22 अगस्त को सुचारु किया लेकिन विद्यालय में तीन दिन तक पानी चलने के बाद सड़क की कटिंग से फिर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यदायी विभाग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को दुरुस्त करने की मांग की। वहीं लोनिवि गौचर के सहायक अभियंता राशिद खान ने बताया कि जल्द विद्यालय की पेयजल लाइन को ठीक कर दिया जाएगा। संवाद