कोटीपार गांव में गर्भवती ने घर पर ही दिया था बच्चे को जन्म
प्रसूता और नवजात का स्वास्थ्य जांचा, आशा करेगी नियमित स्वास्थ्य जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। कोटियाड़ा ग्राम पंचायत के कोटीपार गांव में एक प्रसूता की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तीन किमी पैदल चलकर गांव पहुंची। गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ था और महिला का समय से पहले प्रसव हो गया था। गांव पहुंचकर टीम ने महिला और नवजात का स्वास्थ्य जांचा। स्वास्थ्य टीम के डॉक्टरों ने बताया कि दोनों स्वस्थ हैं। साथ ही आशा कार्यकर्ता को मां और बच्चे की नियमित देखभाल के लिए कहा गया है।
कोटीपार गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क का काम पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होती है। कोटीपार गांव में एक गर्भवती पूजा के प्रसव की तिथि 28 अगस्त थी लेकिन प्रसव पीड़ा समय से पूर्व होने लगी तो आशा ने घर पर ही सुरक्षित प्रसव कराया और सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हुई। देवाल मोटर मार्ग से गांव तक तीन किमी पैदल चलकर टीम गांव पहुंची और जच्चा-बच्चा का स्वास्थ्य जांचा। स्वास्थ्य विभाग के कोऑर्डिनेटर ललित जुयाल ने बताया कि पीएचसी देवाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. विजय एवं अन्य कर्मियों की टीम गांव पहुंची है। दोनों स्वस्थ हैं। शिशु का वजन तीन किग्रा है। टीम ने नवजात का टीकाकरण किया। टीम में आशा समन्वयक सीता परिहार, एएनएम पुष्पा बिष्ट, सीएचओ पूनम, आशा कार्यकर्ता अनीता व टीम प्रभारी डाॅ. विजय शामिल रहे।