घेस-हिमनी व हिमनी-बलाण सड़क अभी तक नहीं खोल पाया लोनिवि
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। घेस-हिमनी व हिमनी-बलाण सड़क एक माह से बंद होने के कारण क्षेत्र में राशन सहित सभी आवश्यक चीजों की सप्लाई बंद होने से संकट बना है। ऐसे में बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने तीन गांवों घेस, हिमनी व बलाण के लिए घोड़े-खच्चरों से राशन किट पहुंचाए गए।
ब्लॉक के स्टेट हाईवे व श्री नंदा राजजात मार्ग देवाल-लोहाजंग-वाण सड़क 16 दिन से गमलीगाड़ में बंद है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के 15 गांवों का संपर्क कटा है। हिमनी के बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान रूप सिंह दानू, बलाण के बीडीसी मेंबर प्रदीप दानू, गोविंद सिंह, रणजीत सिंह, नलधूरा के बीडीसी मेंबर उर्वीदत्त जोशी ने बताया कि देवाल-खेता सड़क आठ दिन से नलधूरा में बंद है। घेस-हिमनी सड़क जनगोल व हिमनी-बलाण सड़क एक माह से कालीताल से आगे बंद है। सड़क बंद होने से इस क्षेत्र के घेस, हिमनी व बलाण का संपर्क कटा है। ग्रामीणों ने लोनिवि व पीएमजीएसवाई से कई बार सड़क खोलने की मांग की लेकिन एक माह बाद भी विभाग सड़क नहीं खोल पाया। वहीं तहसीलदार अक्षय पंकज ने बताया कि घेस से पहले जनगोल तक सड़क खुली है। ऐसे में जनगोल तक ट्रक से और इसके बाद घोड़े-खच्चरों से गांव तक राशन किट पहुंचाया गया। सड़क शीघ्र खोलने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं।