पुरानी पेंशन बहाली की मांगा को लेकर अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से चलाई जा रही रथयात्रा 16 सितंबर को चमोली जिले में पहुंचेगी। यहां विभिन्न जगह से होते हुए यात्रा कुमाऊं की ओर निकल जाएगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी ने बताया कि रथ यात्रा पूरे देश में चलाई जा रही है। यात्रा 16 सितंबर को चमोली पहुंचेगी। संगठन के सभी सदस्य व पदाधिकारी यात्रा का नगरासू में सुबह 11 बजे स्वागत करेंगे। गौचर और कर्णप्रयाग में नुक्कड़ नाटक व अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोपहर के समय गैरसैंण स्टेशन पर सभा आयोजित की जाएगी। शाम को यात्रा अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया के लिए रवाना हो जाएगी।