-नारायणबगड़ को गैरसैंण के दिवालीखाल से जोड़ती है सड़क, लोग बोले रखरखाव पर विभाग नहीं दे रहा ध्यान
नारायणबगड़। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की अनदेखी के कारण नारायणबगड़-किमोली मोटर मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए असुरक्षित बना हुआ है। 25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर गड्ढों और तीखी ढलानों के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। बेडूला गांव से किमोली तक सड़क का डामर उखड़ा हुआ है जिससे पूरा मार्ग पथरीला और उबड़-खाबड़ हो गया है। सड़क पर बने सभी काॅजवे भी क्षतिग्रस्त हालत में हैं। इसके चलते चिरोना, नैणी, देवीधार, स्वान तल्ला-मल्ला, बुआरकोट, आगर, मूसाउडियार, बूंगा और किमोली जैसे कई गांवों की बड़ी आबादी को ब्लॉक मुख्यालय नारायणबगड़ आने-जाने में परेशानी होती है। किमोली गांव के महेंद्र सिंह नेगी और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग गैरसैंण के दिवालीखाल तक जुड़ गया है फिर भी लोनिवि थराली इसके रखरखाव पर ध्यान नहीं दे रहा है। कांग्रेस नेता संदीप कुमार पटवाल ने कहा कि यह पहला मोटर मार्ग है जो नारायणबगड़ को गैरसैंण विकास खंड से जोड़ता है लेकिन लोनिवि थराली और गैरसैंण इसकी सुधारीकरण के लिए गंभीर नहीं हैं। उन्होंने मांग की है कि इस मार्ग को डेढ़ लेन में परिवर्तित कर डामरीकरण किया जाए।
वर्जन:
नारायणबगड़-किमोली मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य होना है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पांच मई को निविदा खुलने के बाद सड़क के सुधारीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
रमेश चंद्र, ईई लोनिवि थराली जारी-