ज्योतिर्मठ। लोक निर्माण विभाग सचिव पंकज पांडे ने सोमवार को ज्योतिर्मठ से बदरीनाथ तक हाईवे का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हाइवे के अधिकांश हिस्से में सुधारीकरण कार्य कर लिया गया है। जहां अभी दिक्कत है वहां पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने धाम में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक जल्द हाईवे सुधारीकरण कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं के साथ ही मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ हाईवे दुरुस्त कर दिया गया है। कुछ जगहों पर दिक्कत है उसे ठीक करने के लिए निर्देशित किया गया है। ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक हाईवे कई स्थानों पर संकरा है यहां वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लोगों की भूमि पर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। बीआरओ को सड़क पर सुधारीकरण कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ट आदि मौजूद रहे। संवाद