10 मार्च तक बकाया बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की दी जा रही चेतावनी
अवर अभियंता के नेतृत्व में निगम की टीम ने बकायेदारों के पास जाकर भुगतान करने को कहा
पोखरी (चमोली)। विद्युत वितरण खंड पोखरी ने बिजली बिलों के बकायेदारों पर सख्ती अपनानी शुरू कर दी है। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता ने बकायेदारों से जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 मार्च तक बकाया बिल जमा नहीं होता है तो विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा। ऊर्जा निगम ने पोखरी में बिजली के बकायेदारों के खिलाफ विशेष वसूली अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को निगम के अवर अभियंता धीरेंद्र भंडारी के नेतृत्व में निगम के कर्मचारियों की टीम बकायेदारों के पास पहुंची। लंबे समय से बिजली के बिल जमा न करने वालों को शीघ्र बिल जमा करने के निर्देश दिए। अवर अभियंता ने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किए हैं। इससे निगम को राजस्व की हानि हो रही है। कई बार नोटिस देने के बाद भी वे भुगतान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सभी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि 10 मार्च तक हर हाल में बकाया बिलों को जमा करवा लें, अन्यथा उनके विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया वसूली के लिए राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी की जाएगी।