नगर पालिका में कार्यरत सीजनल सफाई कर्मी का शव सोमवार को बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा के पास खाई से मिला। सफाई कर्मी रविवार शाम से लापता था। पुलिस कोतवाली निरीक्षक प्रदीप पंत ने बताया कि वाल्मीकि बस्ती निवासी अनूप कुमार (23) पुत्र अनिल कुमार रविवार शाम से लापता था।
रात को जब अनूप घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। उसकी खोज की गई लेकिन अनूप का कहीं पता नहीं लगा। सोमवार सुबह बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा के पास अनूप का शव गहरी खाई में मिला। प्रदीप पंत ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में अनूप का नशे में होना सामने आया है।
प्रथम दृष्टया पैदल आवागमन के दौरान अनूप के खाई में गिरने से मौत होने का मामला लग रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। दूसरी ओर पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला, अधिशासी अधिकारी एलएम मिश्र सहित सभासदों ने अनूप की मौत पर शोक जताया। एलएम मिश्र ने बताया कि अनूप पालिका में सीजनल (चार धाम यात्रा के दौरान) सफाई कर्मी के तौर पर तैनात था।