संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। ग्रामीण क्षेत्रों में भालू की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार रात को चंद्रशिला पट्टी के खन्ना गांव में भालू ने मुकेश कंडारी की गोशाला तोड़कर गाय को मार डाला। पिछले एक माह में भालू रडुवा, कांडई चंद्रशिला, किमोठा, जौरासी, डुंगर, बंगथल और भिकोना सहित कई गांवों में मवेशियों को मार चुका है। लगातार हो रहे हमलों पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई है।
किमोठा के ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी, भिकोना की प्रधान सुचिता देवी, जौरासी की प्रधान मीनाक्षी देवी और कांडई के प्रधान भरत सिंह भंडारी का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण भालू के हमले बढ़ रहे हैं। वहीं केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने बताया कि खन्ना गांव में हुई घटना की जांच के लिए विभागीय टीम भेजी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। प्रभावित क्षेत्रों में विभाग की अलग-अलग टीमें गश्त कर रही हैं।
इंसेट
पोखरी में ग्रामीण आज निकालेंगे आक्रोश रैली
पोखरी (चमोली)। भालू से निजात दिलाने की मांग के लिए तहसील परिसर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का धरना 10वें दिन भी जारी रहा। लोगों ने 12 नवंबर बृहस्पतिवार को पोखरी में विशाल आक्रोश रैली निकालने का निर्णय लिया। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी इसके बाद भी वन विभाग और शासन-प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। धरने पर धीरेंद्र सिंह राणा, हरिकृष्ण किमोठी, श्रवण सती, तेजपाल बर्त्वाल, कल्पना बर्त्वाल, विक्रम बासकंडी, देवेंद्र राणा, तरुण बिष्ट और मंदोदरी पंत आदि बैठे रहे। संवाद