पुलना गांव में घर के आंगन में टहल रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
भ्यूंडार क्षेत्र के वन बीट अधिकारी मनोज उनियाल ने बताया कि पुलना गांव निवासी संतोष चौहान (47) बुधवार देर रात घर के आंगन में टहल रहा था तभी भालू ने उस पर हमला कर दिया। संतोष के चिल्लाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। वन विभाग ने घायल के उपचार के लिए फौरी तौर पर पांच हजार रुपये की आर्थिक राशि दी। वहीं, जोशीमठ क्षेत्र में पिछले दो माह में भालू 12 से अधिक लोगों पर हमला कर चुका है।