पोखरी (चमोली)। तहसील पोखरी में एसडीएम का पद रिक्त चल रहा है और तहसीलदार भी स्वास्थ्य अवकाश पर हैं। ऐसे में पूरी तहसील का कार्यभार प्रभारी के भरोसे चल रहा है। इस संबंध में किमोठा के ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द इन पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई।
सितंबर माह में पोखरी तहसील के एसडीएम का स्थानांतरण कर दिया गया, लेकिन उनकी जगह पर नए एसडीएम को नहीं भेजा गया। वर्तमान में चमोली एसडीएम के पास पोखरी तहसील का चार्ज है। वहीं तहसीलदार स्वास्थ्य अवकाश पर हैं। तहसीलदार का चार्ज कर्णप्रयाग के तहसीलदार के पास है। ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि लोग तहसील के चक्कर काट रहे हैं लेकिन एसडीएम और तहसीलदार दोनों के नहीं होने से लोग परेशान हैं। लोगों के जमीन संबंधी कार्य रुके हुए हैं। प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोग यहां आ रहे हैं, लेकिन उन्हें भी बैरंग लौटना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द पोखरी में स्थायी एसडीएम और तहसीलदार की नियुक्ति की जाए। संवाद