फ़ोटो
नगर पालिका गौचर के दो वार्डों में छठवें दिन बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। नगर पालिका गौचर के दो वार्डों में छठवें दिन पानी की आपूर्ति बहाल हो पाई। यहां 11 मार्च को योजना के पंप में तकनीकी खराबी आने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी। लोगों ने बीते शनिवार को जल संस्थान के दफ्तर में अफसरों का घेराव किया था। इस समस्या को अमर उजाला ने अपने 14 और 16 मार्च के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए जल संस्थान ने तकनीकी खराबी दूर की और रविवार सुबह पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी गई।
नगर पालिका गौचर के द्रोणागिरी और पलसारीआम में 11 मार्च से पानी की सप्लाई ठप हो गई थी। सभासद विनोद कनवासी, चैतन्य बिष्ट ने कहा कि पानी न आने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। रविवार को पानी आने पर लोगों ने अपने जरूरी काम निपटाए। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता आईशा कनवासी ने बताया कि शनिवार शाम को तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पहुंच गई थी जिससे बाद पंपिंग मशीन की मरम्मत शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह से पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई।
खबर का असर
मायापुर में बदरीनाथ हाईवे पर नाली निर्माण शुरू
पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे पर मायापुर में पिछले एक वर्ष से क्षतिग्रस्त नाली का निर्माण आखिरकार शुरू हो गया है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से यहांं सीमेंटयुक्त नाली का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
मायापुर में नाली क्षतिग्रस्त होने से बाजार का गंदा पानी उसमें जमा हो रहा था जिससे बदबू फैल रही थी। अमर उजाला ने 10 मार्च के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए एनएचआईडीसीएल ने नाली निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र हटवाल का कहना है कि नाली निर्माण न होने से तीर्थयात्रियों को भी गंदगी का सामना करना पड़ रहा था। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। संवाद