डीईओ ने उप शिक्षाधिकारी ज्योतिर्मठ को सौंपी मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। शिक्षक दिवस पर विद्यालय से अनुपस्थित रहने पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भलगांव की सहायक शिक्षिका रेनू डंगवाल को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा पंकज उप्रेती ने अभिभावकों की शिकायत और उप शिक्षाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा ज्योतिर्मठ की आख्या के आधार पर यह कार्रवाई की है। मामले की जांच डीईओ ने उप शिक्षाधिकारी ज्योतिर्मठ को सौंपी है।
शनिवार को शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय में ताले लटके रहे। छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक शिक्षक दिवस मनाने के लिए विद्यालय पहुंचे थे लेकिन दोनों शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचे। अभिभावकों ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग से की। जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा पंकज उप्रेती ने बताया कि शिक्षक दिवस पर शिक्षिका के विद्यालय में उपस्थित न रहने से शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ। इस कारण सहायक शिक्षिका रेनू डंगवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मामले की विस्तृत जांच उप शिक्षाधिकारी ज्योतिर्मठ को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।