शराब पीकर विद्यालय आने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी पोखरी को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुजासू के शिक्षक बृजमोहन बेंजवाल को निलंबित करने के आदेश दे दिए हैं।
कुछ दिनों पूर्व कुजासू के ग्राम प्रधान शिवराज सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी पोखरी चक्रधर चमोला को ज्ञापन सौंपकर उक्त शिक्षक की शिकायत की थी।
कहा गया कि शिक्षक बृजमोहन लगातार शराब पीकर विद्यालय पहुंच रहा है, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है।
मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने उप खंड शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक विद्यालय कुजासू के निरीक्षण के लिए भेजा, लेकिन उक्त शिक्षक विद्यालय से गायब मिला।
इसकी सूचना मुख्य शिक्षाधिकारी को दी गई, जिस पर सीईओ हरिश्चंद्र सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी को तत्काल उक्त शिक्षक को निलंबित कर विद्यालय में पठन-पाठन की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।