निजमुला घाटी के दुर्मी गांव के पास बुधवार को वाहन दुर्घटना में घायल शिक्षक ने श्रीनगर बेस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दुर्घटना के अन्य तीन घायलों को देर शाम को देहरादून रेफर कर दिया गया।
होली की छुट्टी खत्म होने पर बुधवार को शिक्षक स्कूलों में जाने के लिए निजमुला घाटी की तरफ जा रहे थे, लेकिन दुर्मी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गोपेश्वर जिला अस्पताल में रघुनाथ सिंह (45) पुत्र सुलभ सिंह निवासी ग्राम ईराणी की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। श्रीनगर बेस अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय बौणा में शिक्षक थे। जबकि तीन घायलों ज्ञान सिंह, धनीराम आगरी और चालक जसवंत सिंह ग्राम पगना को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तीनों का देहरादून के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। क्षेत्रीय विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि दुर्घटना में मृत शिक्षक के परिवार को जल्द से जल्द सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।