चमोली जिले में सभी राशन कार्ड धारकों को आय प्रमाणपत्र जमा करने की जरूरत नहीं है। उन्हीं राशन कार्ड धारकों को आय प्रमाणपत्र देना होगा, जिनके कार्ड अभी तक ऑनलाइन नहीं हुए हैं।
पिछले कुछ दिनों से कर्णप्रयाग में यह अफवाह फैली थी कि जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को अपने डीलरों के पास अपना आय प्रमाणपत्र जमा करना होगा, तभी उनको राशन मिलेगा। इससे कर्णप्रयाग तहसील व सीएससी सेंटरों में आय प्रमाणपत्र बनाने वालों की भीड़ लग गई थी। वहीं डीएसओ किशोरी लाल शाह ने बताया कि जिनके राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हुए हैं सिर्फ वही प्रमाणपत्र देंगे। वे राशन कार्ड की छाया प्रति, सभी सदस्यों के आधार नंबर, महिला मुखिया का बैंक खाता नंबर डीलर के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षकों को उपलब्ध कराएं।