चमोली जिले में सभी राशन कार्ड धारकों को आय प्रमाणपत्र जमा करने की जरूरत नहीं है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार सिर्फ उन्हीं राशन कार्ड धारकों को आय प्रमाणपत्र देना होगा, जिनके राशन कार्ड अभी तक ऑनलाइन नहीं हुए हैं।
जिले में नौ ब्लॉकों में अंत्योदय के करीब सात हजार, केंद्रीय खाद्य सुरक्षा के 44 हजार और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के 35 हजार राशन कार्ड धारक हैं। पिछले कुछ दिनों से कर्णप्रयाग में यह अफवाह फैली थी कि जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को अपने डीलरों के पास अपना आय प्रमाणपत्र जमा करना होगा, तभी उनको राशन मिलेगा। इस अफवाह से कर्णप्रयाग तहसील व सीएससी सेंटरों में आय प्रमाणपत्र बनाने वाले लोगों की भीड़ लग गई थी। इससे शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा था। वहीं डीएसओ किशोरी लाल शाह ने बताया कि जिनके राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हुए हैं सिर्फ वही प्रमाणपत्र देंगे। वे राशन कार्ड की छाया प्रति, सभी सदस्यों के आधार नंबर, महिला मुखिया का बैंक खाता नंबर डीलर के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षकों को उपलब्ध कराएं।