देवाल। सोमवार को वन कर्मियों के पहरे में हाईस्कूल श्रीकोट में छात्र स्कूल पहुंचे। इस दौरान पूरे दिन स्कूल चला। छुट्टी होते वक्त भी वन कर्मी स्कूल के रास्ते में पहरा देते और गश्त करते रहे। वन विभाग की मुश्तैदी से अभिभावक को भी राहत मिली।
सोमवार को वन विभाग की टीम सुबह करीब छह बजे विद्यालय पहुंची। उन्होंने पटाखे फोड़कर और स्कूल परिसर के चारों तरफ निगरानी कर बच्चों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। स्कूल पहुंचने से पहले रास्ते में भी वन कर्मी तैनात रहे और बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाया। इस स्कूल में सरकोट, कोठी, तलसारी, भुलूडा के 50 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। बीते शनिवार को विद्यालय परिसर के पास गुलदार दिखने पर बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। वन विभाग के रेंज अधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि शनिवार रात से ही विद्यालय परिसर और सरकोट गांव के आसपास वन विभाग की टीम गश्त कर रही है। इस क्षेत्र में लगातार पटाखे फोड़े जा रहे हैं। टीम को अभी गुलदार की मौजूदगी का कोई निशान नहीं मिला। संवाद