गोपेश्वर। चमोली जिले में उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्रों के मुकाबले छात्राएं आगे रहीं। हाईस्कूल में छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत जहां 71.29 रहा, वहीं छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.40 रहा। जबकि इंटरमीडिएट में 81.84 फीसदी छात्र और 84.46 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। जिले में हाईस्कूल में 6315 छात्र शामिल हुए थे जबकि इंटरमीडिएट में 6305 छात्र शामिल हुए।
हाईस्कूल में जिले के उमा सरस्वती विद्या मंदिर हाईस्कूल कर्णप्रयाग की रितिका डिमरी ने 96.40 फीसदी अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में नवां स्थान प्राप्त किया, जबकि इंटरमीडिएट में जीआईसी सिमली के वैभव थपलियाल ने 95 फीसदी अंक प्राप्त कर राज्य में तीसरी रैंक हासिल की।
बोर्ड परीक्षा में इस बार सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी राज्य की मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में जिले में टॉप टेन में छह छात्र-छात्राओं ने नाम दर्ज किया है। गोपेश्वर, कर्णप्रयाग व जोशीमठ में आदर्श विद्या मंदिर और सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला ने कहा कि प्रदेश की मेरिट सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।