तहसील के कुलसारी में आबकारी विभाग की ओर से खोली गई अंग्रेजी शराब की दुकान के विरोध में कुलसारी और आसपास के गांवों की महिलाओं ने थराली बाजार से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
तहसीलदार परमानन्द राम को ज्ञापन देते हुए महिलाओं ने चेतावनी दी यदि शीघ्र शराब की दुकान को बंद नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महिला मंगल दल कुलसारी की अध्यक्ष हेमा डिमरी के नेतृत्व में आर्दा, बूढाडांग, जबरकोट और मेटा आदि गांवों की महिलाओं ने कुलसारी में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान को बंद करने की मांग कही।
महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। आस-पास के गांवों और स्कूली बच्चों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। परिवारों की आर्थिक स्थिति बदतर होती जा रही है।
सामाजिक माहौल खराब होने के साथ-साथ पारिवारिक कलह बढ़ रहा है। ज्ञापन में ग्राम प्रधान सुनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश चंद्र पुरोहित, रिंकी बिष्ट, गायत्री देवी, मंजू देवी, अनीता देवी, कविता देवी, जानकी देवी और आशा देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।