14 सवारियां सुरक्षित, बदरीनाथ के दर्शन कर लौट रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहे वाहन के ऊपर पीपलकोटी के पास भनेरपाणी में चट्टान से पत्थर आ गिरे और चालक जख्मी हो गया। वहीं अन्य सवारियां सुरक्षित बच गईं।
बृहस्पतिवार सुबह पर्यटक व यात्री फूलों की घाटी घूमकर, हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ के दर्शन के बाद टैंपो ट्रेवलर से लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पीपलकोटी के पास भनेरपाणी में अचानक पहाड़ी से पत्थर वाहन के ऊपर चालक की सीट पर आ गिरा। इससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि चालक दिलशाद जख्मी होकर बेहोश हो गया। जबकि बाकी 14 सवारियां बाल-बाल बच गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका उपचार चल रहा है। पीपलकोटी चौकी इंचार्ज लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण ने बताया कि घटना में चालक जख्मी हो गया है। अन्य यात्री सुरक्षित हैं जिन्हें दूसरे वाहनों से भेज दिया गया है।