राजमिस्त्री का बेटा बना सेना में अफसर, बिना कोचिंग पास की एनडीए परीक्षा
-नारायणबगड़ के सुदूरवर्ती बमियाला गांव के हिमांशु पंवार ने लाइब्रेरी में स्वाध्याय कर हासिल किया मुकाम, क्षेत्र में खुशी की लहर
नारायणबगड़। विकासखंड के सुदूरवर्ती गांव बमियाला निवासी हिमांशु पंवार ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिना किसी कोचिंग के उन्होंने पहले ही प्रयास में एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय सेना में अफसर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। हिमांशु की प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। उन्होंने हाईस्कूल श्रीनंदा देवी जनता इंटर कॉलेज कफोली और इंटरमीडिएट जीआईसी नारायणबगड़ से उत्तीर्ण किया। इसके बाद वे अपने मामा रणजीत सिंह के पास देहरादून चले गए। उन्होंने लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन कर एनडीए की तैयारी की और पहले प्रयास में सफलता प्राप्त की। हिमांशु के पिता गजे सिंह पंवार राजमिस्त्री हैं जबकि माता रामी देवी गृहिणी हैं। दो बहनों के इकलौते भाई हिमांशु की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान हिमानी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता देवी, शिक्षक दलवीर सिंह पंवार और कृपाल सिंह सहित क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। उन्होंने हिमांशु की सफलता को पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।