गोपेश्वर। स्यूण गांव के शिव स्वरूप सोमेश्वर देवता ने बृहस्पतिवार को बदरीनाथ के दर्शन किए। इस दौरान सोमेश्वर देवता और बदरीनाथ भगवान की विशेष पूजाएं हुईं। पूजा-अर्चना के बाद सोमेश्वर देवता की डोली ने ढोल-दमाऊं की थाप पर नृत्य कर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए।
सोमेश्वर देवता की दिवारा यात्रा 25 साल बाद शुरू हुई। बीते पांच अक्तूबर से देवता की डोली विभिन्न गांवों का भ्रमण करने के बाद बदरीनाथ धाम पहुंची। यहां सोमेश्वर देवता के पुजारी व कुल पुरोहित बंशी प्रसाद सेमवाल ने सभी धार्मिक परंपराएं संपन्न की। यात्रा के साथ चल रहे स्यूण गांव के अरुण राणा ने बताया कि यात्रा को लेकर भक्तगणों में उत्साह बना है। सोमेश्वर देवता की यात्रा अपनी ध्याणियों (विवाहित बेटियां) के गांव से होते हुए अपने हक-हकूक के गांवों में भ्रमण कर रही है। संवाद