बदरीनाथ धाम के सीप बामणी गांव के सोमेश पंवार ने रविवार को साइकिल से देश के अंतिम गांव माणा से कन्याकुमारी तक की यात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ हिमालय, फिटनेस और साइकिलिंग को बढ़ावा देना है। बामणी गांव के सोमेश पंवार (26) माणा से कन्याकुमारी (4035 किमी) तक का सफर साइकिल से लगभग 40 दिनों में तय करेंगे। रविवार को माणा गांव में बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवनचंद्र उनियाल ने मंत्रोच्चारण के साथ सोमेश पंवार की साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर माणा गांव के प्रधान पीतांबर मोल्फा, नगर पंचायत के ईओ सुनील पुरोहित, पर्वतारोही विमलेश पंवार, अंशुमान भंडारी, रितेश सनवाल, मनदीप भंडारी, अमन मेहता मौजूद थे।