बदरीनाथ स्थित बामणी गांव निवासी सोमेश पंवार 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकल गए हैं। उन्होंने बदरीनाथ से बृहस्पतिवार को यात्रा शुरू कर ली है।
सोमेश एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को लेकर अपनी साइकिल यात्रा पर निकले हैं। इसके दौरान वह 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा के साथ ही चारों धामों की भी यात्रा करेंगे। 14000 किमी की इस यात्रा को पूरा करने में उन्हें छह माह का समय लगेगा। बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम में रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने बदरीनाथ के सिंहद्वार प्रांगण से सोमेश की साइकिल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सोमेश इससे पहले भी कई साइकिल यात्रा कर चुके हैं। इसमें माणा से कन्याकुमारी तक चार हजार किमी की यात्रा, चारधाम की आठ हजार किमी यात्रा, बदरीनाथ से सतपोपंथ तक 15 हजार फीट की ऊंचाई पर पैदल रास्ते पर साइकिल यात्रा, बदरीनाथ से माणा पास तक 17500 फीट की ऊंचाई पर साइकिल यात्रा शामिल है।