सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग लोल्टी के पास थाला बैंड में पहाड़ी से चट्टान टूटने और भारी मात्रा में मलबा आने से पांच घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। बीआरओ के मजदूरों ने जेसीबी मशीनों की मदद से पूर्वाह्न 11 बजे मलबा हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया।
इन दिनों भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सोमवार को धूप खिलने के बाद सड़क कटिंग से भारी मात्रा में ढीली चट्टान और मलबा थाला बैंड के पास आ गया। इससे सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि इस दौरान सड़क पर कोई वाहन या पैदल मुसाफिर सफर नहीं कर रहा था। सड़क बंद होने से गढ़वाल तथा कुमाऊं का संपर्क पांच घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। सिमली-ग्वालदम सड़क गंगानगर, मौंणा-छीड़ा, नारायणबगड़, कालजाबर के पास खतरनाक बनी है। स्थानीय निवासी जयदीप, नवदीप, रमेश, नरेश, रविंद्र, जगदीश, विक्रम, जीपी डिमरी आदि ने कहा बार-बार सड़क बाधित होने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने सड़क को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।