गोपेश्वर/पीपलकोटी। चमोली जनपद में लगातार दूसरे दिन भी निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी व नीती घाटी के गांवों में बर्फबारी हुई। मौसम में अचानक आए परिवर्तन से लोगों को गरमी से राहत मिल गई है।
शुक्रवार को सुबह चटख धूप खिली। बीते दिन हुई बारिश से मौसम में ठंडक आ गई थी। मगर दोपहर बाद फिर से अचानक मौसम बदल गया और काले बादल छा गए। शाम चार बजे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आ गई। दो दिन पूर्व जिले का तापमान जहां 30 डिग्री था वह शुक्रवार को घटकर 22 डिग्री तक पहुंच गया।
अटलाकोटी से हेमकुंड तक बर्फ से ढका आस्था पथ
ज्योतिर्मठ। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बृहस्पतिवार रात हुई भारी बर्फबारी के कारण आस्था पथ अटलाकोटी से हेमकुंड साहिब तक बर्फ से ढक गया। कई स्थानों पर रास्ता बेहद फिसलन भरा और खतरनाक हो गया है जिससे श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ बर्फबारी के बीच तीर्थयात्रियों को आवाजाही में मदद की। फिसलन भरे स्थानों पर पुलिस टीम श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती रही। चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने यात्रियों का हाथ पकड़कर हिम्मत बंधाई और एक-एक कर सुरक्षित रास्ता पार कराया। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड साहिब क्षेत्र में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। यहां रुक-रुककर बर्फबारी होने से पैदल रास्ते में श्रद्धालुओं का आवाजाही में परेशानी भी उठानी पड़ रही है। पुलिस टीम, एसडीआरएफ के साथ ही गुरुद्वारे के सेवादार श्रद्धालुओं की मदद में जुटे हैं। संवाद