उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित हेमकुंड साहिब में सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई है। देर रात अचानक मौसम खराब होने के बाद यहां बर्फबारी हुई। मौसम का मिजाज बदलने से ठंड भी बढ़ गई। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी ऐसे समय हुई है, जब यात्रा सीजन अपने समापन की ओर है।
सिखों के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल हेमकुंड साहिब में हर साल देश-विदेश से श्रद्धालु यहां मत्था टेकने पहुंचते हैं। यहां मौसम तेजी से बदलता है। इस सीजन में हेमकुंड साहिब में अब तक तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। देर रात हुई ताजा बर्फबारी से एक बार फिर यहां सर्द मौसम का असर देखने को मिला।
हेमकुंड साहिब के कपाट कल बंद होने हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की तीर्थयात्रा का समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने से पहले हुई बर्फबारी ने यहां के मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा सीजन का अंतिम दौर है।