ज्योतिर्मठ। क्षेत्र में दो दिन से लगातार हो रही बर्फबारी से औली सहित आसपास का क्षेत्र बर्फ से पूरी तरह ढक गया है। औली में देर शाम तक दो फीट से अधिक ताजी बर्फ गिर चुकी है जबकि बर्फबारी का यह सिलसिला रात तक जारी रहा। वहीं औली में बर्फबारी राष्ट्रीय खेलों के लिए शुभ संकेत है।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद औली में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी जबकि शुक्रवार पूरे दिन बर्फ गिरी। पिछले दिनों भी औली में अच्छी बर्फबारी हुई थी, जिससे अब यहां पर शीतकालीन राष्ट्रीय खेलों को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से इस संबंध में पर्यटन विभाग को भी मेल के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। फेडरेशन के सचिव अजय भट्ट ने बताया कि औली में हुई अच्छी बर्फबारी शीतकालीन खेलों के लिए पर्याप्त है। पर्यटन विभाग से स्वीकृति मिलते ही औली में राष्ट्रीय खेल शुरू कर दिए जाएंगे।