चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और औली सहित ऊंची चोटियों पर शनिवार तड़के तक बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम में करीब एक फीट और हेमकुंड साहिब में डेढ़ फीट तक बर्फ जम गई है।
केदारनाथ में शनिवार को बर्फबारी तो नहीं हुई लेकिन धाम परिसर में ढाई से तीन फीट तक बर्फ जमा है। इससे वहां तापमान माइनस में पहुंच गया है।
केदारनाथ में बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार रात तक हुई बर्फबारी से शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। धाम परिसर में ढाई से तीन फीट बर्फ जमा हो गई है।
एमआई-26 हेलीपैड और पुलिस बेस कैंप में आधा से एक फीट बर्फ मौजूद है। इससे शीतलहर का प्रकोप चरम पर रहा। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसौं बुग्याल, औली सहित ऊंची चोटियों पर शनिवार तड़के तक बर्फबारी हुई। सुबह करीब आठ बजे मौसम के सुधरने पर चटख धूप खिली।
दिनभर मौसम सुहावना होने से औली में पर्यटकों ने बर्फ का खूब लुत्फ उठाया। निचले क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से काश्तकार मायूस हैं।