साइकिल से भारत भ्रमण पर निकला अमरोहा का शुभम शर्मा पहुंचा नारायणबगड़।
- फोटो : KARNPRYAG
भारत भ्रमण पर साइकिल से निकले नौजवान शुभम शर्मा (24) मंगलवार को कर्णप्रयाग पहुंचे। इसके बाद वह बागेश्वर रवाना हो गए। वह तीसरी बार उत्तराखंड पहुंचे हैं।
अमरोहा उत्तर प्रदेश के रहने वाले और एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से बीकॉम की शिक्षा प्राप्त पंडित शुभम शर्मा ने पिछले साल भारत भ्रमण के लिए 51,000 किमी दूरी तय करने का लक्ष्य रखा। शुभम ने 13 मई 2019 को साइकिल से अमरोहा से अपनी यात्रा शुरू की और गंगोत्री गोमुख से गंगाजल लेकर सोमनाथ, श्री शेलम, उज्जैन महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर, काशीविश्वनाथ, त्यंबकेश्वर, बैजनाथ नागेश्वरम, रामेश्वरम, घुष्णेश्वर तक की यात्रा की। अभी तक शुभम 28 हजार किमी से अधिक की साइकिल यात्रा कर नौ देवी यात्रा, सप्तपुरी, चारधाम एवं 21 शक्तिपीठों की यात्रा कर चुके हैं। भारत की यात्रा के दौरान तीसरी बार उत्तराखंड पहुंचे शुभम मंगलवार को पिंडरघाटी से कुमाऊं मंडल के बागेश्वर के लिए प्रस्थान किया। शुभम ने बताया कि वे बागेश्वर के बाद नेपाल के पशुपतिनाथ से लेकर गंगासागर तक की यात्रा करेंगे, जिसमें अभी एक से डेढ़ साल का समय लगेगा। उन्होंने उत्तराखंड की प्रशंसा करते हुए देश और दुनियां के लोगों से उत्तराखंड आने का आह्वान किया। कहा कि उत्तराखंड में स्वर्ग की अनुभूति होती है।