एनएसएस शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/पोखरी/नंदानगर। पीजी कॉलेज गोपेश्वर के सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तहत स्वयंसेवियों ने देवर खडोरा गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान गांव के वरिष्ठ नागरिक 99 वर्षीय बौणी देवी और 91 वर्षीय दशमी देवी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
स्वयंसेवियों ने गांव के चंडिका मंदिर और बजीर देवता मंदिर परिसर में सफाई की। बौद्धिक सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से समाज में शिक्षा के मानवीय मूल्यों के बारे में बताया गया। नर्सिंग कॉलेज गोपेश्वर की प्राचार्य डॉ. ममता कपरवाण ने नर्सिंग में कॅरियर की संभावनाओं पर विशेष जानकारी दी। अधिवक्ता ज्ञानेंद्र खंतवाल ने कानूनों के बारे में बताया। इधर पीजी कॉलेज पोखरी का एनएसएस शिविर विशालखाल गांव में शुरू हुआ। वहीं शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर की एनएसएस इकाई की ओर से गोद लिए गए वादुक गांव में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। वाइब्रेंट विलेज पर स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। बौद्धिक सत्र के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि भीम सिंह की ओर से सामाजिक एवं आर्थिक समानता तथा युवाओं की भूमिका पर व्याख्यान दिया गया।