संस्कृत शिक्षा सचिव ने पीपलकोटी में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की
विज्ञापन
संस्कृत में नाम पट्टिकाएं लगाने के निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी पीपलकोटी/गोपेश्वर। जनगणना के तहत 16 नवम्बर से स्व-गणना कार्य शुरू होगा। इसके बाद एक दिसम्बर से चार जनवरी तक जनगणना का कार्य किया जाएगा। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों को जनगणना की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
सचिव दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को पीपलकोटी में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों में द्वितीय राजकीय भाषा संस्कृत में नाम पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए। कहा कि यह प्रदेश की सांस्कृतिक और भाषायी विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विज्ञापन
उन्होंने कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन और पशुपालन की गतिविधियों को जोड़कर एकीकृत कृषि मॉडल विकसित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा। इससे किसानों की आय बढ़ाने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने विद्यालयों में बालिका शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्राओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। महिला सशक्तीकरण के लिए सीएससी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती, अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला आदि थे।