जल विद्युत परियोजना का कार्य कर रही हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी की सुरक्षा में लगे कर्मचारियों में आठ माह से वेतन न मिलने के कारण आक्रोश है। हेलंग में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों ने बुधवार को आम लोगों से भीख मांग कर अपना विरोध दर्ज किया। साथ ही धरना भी शुरू किया।
आक्रोशित कर्मियों ने कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन से वार्ता करने के बाद आश्वासन तो मिला, लेकिन वेतन नहीं मिला। वेतन न मिलने पर सुरक्षा कर्मियों ने मंगलवार से डैम साइट के गेट पर धरना भी शुरू कर दिया है। कर्मियों ने बताया कि उन्हें मार्च माह से वेतन और दो साल से पीएफ और वर्दी नहीं मिली है। सुरक्षा कर्मी शरद कुमार, मातवर सिंह, बाल सिंह, गोपाल सिंह और राजीव लाल ने कहा कि फरवरी माह से अभी तक वेतन न मिलने से आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। चेतावनी दी यदि वेतन का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। इधर, हिंदुस्तान कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुमार का कहना है कि शीघ्र कर्मियों को वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।