कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग ब्लॉक के डिम्मर गांव में बारिश से मकानों की सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण दहशत में हैं। बीते मंगलवार शाम को गांव के चौंरीचौक तोक में विजयराम डिमरी के मकान के आंगन की दीवार गिर गई। इससे पहले 20 अगस्त को भी इसी मकान के पास की एक और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण कई ग्रामीणों के घर खतरे में आ गए हैं। इनमें शरद चंद्र डिमरी, प्रकाश चंद्र डिमरी, राकेश चंद्र, नरेश चंद्र, संदीप डिमरी, सतीश खंडूड़ी, जगदीश प्रसाद डिमरी, बुद्धि बल्लभ डिमरी आदि के मकान शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग की। वहीं राजस्व उप निरीक्षक अजय कौशवाल ने बताया कि गांव का निरीक्षण किया गया है। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। संवाद