कहा, एक साल से बढ़कर आ रहे बिल, जनता पर पड़ रहा अतिरिक्त बोझ
एसडीओ ने अधिभार कम करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पिछले एक साल से बिजली के बिल में हो रही बढ़ोतरी के विरोध में दशोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत नैल-कुड़ाव के ग्रामीणों ने एसडीओ का घेराव किया। उन्होंने बिलों में कटौती करने की मांग की। कहा कि पूर्व में बिल एक किलोवाट अधिभार का आता था, पिछले एक साल से विद्युत अधिभार तीन किलोवाट कर दिया गया है, जिससे बिलों में बढ़ोतरी हो रही है। कहा कि गरीब जनता बिल को जमा करने में असमर्थ है। एसडीओ ने ग्रामीणों को बिल का अधिभार कम करने का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
बृहस्पतिवार कोे पूर्वाह्न करीब 11 बजे ग्रामीण ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचे। यहां अधिशासी अभियंता के न मिलने पर ग्रामीण एसडीओ कार्यालय जा पहुंचे और एसडीओ का घेराव किया। कहा गया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी बिजली बिल कम नहीं हो रहा है। उन्होंने बिल का अधिभार कम करने की मांग का ज्ञापन एसडीएम को दिया। चेतावनी दी कि यदि बिलों के अधिभार को कम नहीं किया गया तो डीएम से शिकायत करेंगे। एसडीओ आशीष चौधरी ने ग्रामीणों को अधिभार में कटौती करने का आश्वासन दिया। कहा कि प्रतिमाह मीटर की रीडिंग 100 से कम आने पर एक किलोवाट के बिल बनाए जाएंगे। उन्होंने पूर्व में भेजे गए बिलों में भी संशोधन का आश्वासन दिया है। इस मौके पर रघुवीर सिंह, मनोज कुमार, त्रिलोक सिंह, जसपाल सिंह, रणजीत सिंह, देवेंद्र रावत, प्रदीप नेगी, जितेंद्र, हयात सिंह और राहुल आदि मौजूद रहे।