मौसम सामान्य होते ही पर्यटन स्थली औली फिर से देशी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार हो उठी है। दिनभर पर्यटक औली की ढलानों पर बर्फ में स्कीइंग कर रहे हैं और बर्फ से लकदक बर्फीली वादियों का सैर-सपाटा कर रहे हैं। भारी बर्फबारी के बाद से जोशीमठ-औली मार्ग बंद होने के चलते यहां पर्यटक रोपवे से औली पहुंच रहे हैं।
तीन दिनों तक मौसम खराब रहने के बाद अब मौसम साफ है और औली में पर्यटकों की चहल-पहल भी बढ़ गई है। इस समय औली में चार से पांच फीट तक बर्फ जमी है। किचड़बैंड तक मार्ग खुलने के बाद कुछ पर्यटक यहां तक वाहन से पहुंच रहे हैं और वहां से बर्फ में आनंद लेते हुए पैदल ही औली तक पहुंच रहे हैं। बड़ी तादात में पर्यटकों के पहुंचने के चलते रोपवे शनिवार को पूरे दिन फुल रहा। पर्यटकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल का कहना है कि औली मोटर मार्ग खोलने का कार्य चल रहा है।