गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के कुजौं-मैकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने देहरादून से गोपेश्वर रोडवेज बस सेवा का विस्तार कर बस का संचालन कुजौं-मैकोट तक करने की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा असवाल, पपेंद्र रावत, सैन सिंह आदि का कहना है कि कुजौं-मैकोट क्षेत्र के दस से अधिक गांवों के लिए लोक परिवहन की सुविधा नहीं है। लोग छोटे वाहनों से ही आवाजाही करते हैं। कई बार वाहन न मिलने के कारण वाहनों को बुकिंग कर ले जाना पड़ता है जिसमें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कहा गया कि गोपेश्वर तक देहरादून से डेली बस सेवा का संचालन होता है। इस बस का संचालन कुजौं-मैकोट तक किया जाए। संवाद