क्षेत्र पंचायत जोशीमठ की त्रैमासिक बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों के न पहुंचने पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कुछ देर तक हंगामा किया। सदस्य सदन से बाहर जाने लगे तो ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत की अपील पर सदस्य पुन: अपनी सीट पर बैठ गए।
सुबह 11 बजे विकास खंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। इसमें अतिथि शिक्षकों को पुन: नियुक्ति दिए जाने, पेयजल, ऊर्जा निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लघु सिंचाई, सिंचाई विभाग, स्वजल जैसे विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी नहीं पहुंचे, जिस पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि अधिकारियों की गैर मौजूदगी में प्रस्तावों पर कारगर चर्चा नहीं हो पाती है। जबकि जोशीमठ ब्लॉक के गांव आज भी सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। जिस पर ब्लॉक प्रमुख ने सदन में मौजूद अधिकारियों के सामने ही अपने-अपने गांवों की समस्याएं रखने की अपील की।
भेंटा प्रधान लक्ष्मण सिंह ने पीएमजीएसवाई द्वारा निर्माणाधीन उर्गम मोटर मार्ग के अधूरे कार्य को पूर्ण करने की मांग उठाई। सदस्यों ने ब्लॉक के विद्यालयों में सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों को पुन: नियुक्ति देने की मांग उठाई। इस संबंध में संयुक्त हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन राज्यपाल को भेजा गया। ढाक प्रधान शिव प्रसाद ने औली-जोशीमठ- नृसिंह मंदिर मोटर मार्ग पर हो रहे घटिया निर्माण कार्य को सुधारने की मांग उठाई।
बैठक में सलूड़-डुंग्रा पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूर्ण करने, थेंग-उर्गम मोटर मार्ग के निर्माण का मुद्दा भी उठा। ज्येष्ठ उपप्रमुख नंदी देवी, रणजीत सिंह, भजन लाल, कविता देवी, धर्मेंद्र नेगी, गणेशी देवी आदि मौजूद थे।