पोखरी। चांदनीखाल-रडुवा-कांडईचंद्रशिला रैसू मार्ग निर्माण के लिए टेंडर जारी होने के एक साल बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों में रोष बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष सज्जन रड़वाल, दिनेश रड़वाल, जगदीश नेगी, प्रदीप बर्त्वाल, जगमोहन बर्त्वाल, हर्षवर्धन सिंह, भगत सिंह आदि ने कहा कि काफी संघर्षों के बाद वर्ष 2015 में 11 किमी लंबी इस सड़क को मंजूरी मिली। पिछले साल चार किमी सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया लेकिन अभी तक इस पर काम शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में आज भी रडुवा और कांडई चंद्रशिला के ग्रामीणों को आज भी पोखरी बाजार आने-जाने के लिए एक किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। सड़क सुविधा न होने से लोगों को भवन निर्माण में भारी दिक्कतें होती हैं। संवाद