क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से कर्णप्रयाग में बाइक के शोरूम और मकान के अंदर सड़क का पानी घुस गया। यहां पानी की निकासी न होने से नाराज लोगों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एनएच व प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान नालियां नहीं बनाई र्गइं, जिससे बारिश में पानी सड़क पर बहते हुए लोगों के घरों में घुस रहा है।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे कर्णप्रयाग सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से बदरीनाथ रोड पर रहीश अहमद के बाइक शोरूम और विनोद सती के मकान में पानी घुस गया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री हरीकृष्ण भट्ट, महेश खंडूरी, ईश्वरी मैखुरी, रामदयाल, संजय रावत, हरीश चौहान, जितेंद्र कुमार, जगदीश पुरोहित को दुकान व घर में पानी घुसने का पता चला तो वे मौके पर पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि सीएमपी बैंड से पानी सड़क से बहते हुए सीधे लोगों के घरों में जा रहा है। कई बार अधिकारियों को नालियां बनाने और पानी की निकासी के लिए उचित इंतजाम करने को कहा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। मौके पर पहुंचने तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने प्रशासन की ओर से लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया।
कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे पर मलबा पत्थर
कर्णप्रयाग। शनिवार सुबह छह बजे सिमली के पास सिरोसैंण में छीड़ा गदेरा उफान पर आने से कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे पर मलबा, पत्थर आ गए, जिससे हाईवे पर आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान दोनों तरफ कई वाहन फंसे रहे। सूचना पर सिमली पुलिस ने कार्यदायी संस्था से संपर्क कर जेसीबी मंगाई और करीब साढ़े छह बजे मलबा हटवाने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।