सात किमी जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को शुरू करवाने की मांग पर तौणजी के ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के कार्यालय परिसर में शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने के कारण उन्हें जरूरी सामान पीठ पर लादकर मीलों पैदल चलना पड़ रहा है।
मंगलवार सुबह 11 बजे ग्रामीण पोखरी बाजार पहुंचे। यहां से क्षेत्र पंचायत सदस्य कांता नेगी और सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र पाल भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीण जुलूस की शक्ल में पीएमजीएसवाई कार्यालय पहुंचे।
यहां कुछ देर तक प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने एक सभा आयोजित की। कहा गया कि वर्ष 1976 से वे गांव को सड़क से जोड़ने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। वर्ष 2013 में सात किमी जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली लेकिन अभी तक इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।
ऐसे में गांव तक जाने के लिए ग्रामीण खड़ी चढ़ाई पार करते हैं। बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्णय लिया गया यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर दिग्पाल नेगी, हरि लाल, पार्वती देवी, बसंती देवी, लीला देवी, राजेश्वरी, चंद्रकला, पूजा और शाकंबरी आदि मौजूद थे।