फोटो
कर्णप्रयाग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नगर क्षेत्र के एक होटल में शिविर आयोजित किया। इस दौरान कर्णप्रयाग और गैरसैंण के टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी टिप्स दिए गए। सिविल जज सीनियर डिवीजन और विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के उद्देश्य से परिवहन और पुलिस विभाग के साथ मिलकर प्राधिकरण हर माह ऐसे शिविर आयोजित करता है। उन्होंने सड़क की सही संरचना, गड्ढा मुक्त सड़कों और क्रश बैरियर की आवश्यकता पर जोर दिया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अभिषेक भटगांई ने चालकों को ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड में वाहन न चलाने को कहा। उन्होंने नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करने और समय पर दस्तावेज बनवाने की भी जानकारी दी। एसआई सरोज नौटियाल और निशा पांडे ने भी सड़क सुरक्षा के टिप्स दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता समीर बहुगुणा और कर्ण भूमि टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष एमएम नवानी भी मौजूद थे। संवाद