थराली। 15 दिनों से बंद सड़क को खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण लोनिवि कार्यालय पहुंचे। लोनिवि के अफसरों से ग्रामीणों ने सड़क नहीं खुलने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने कहा कि 15 से सड़क बंद है। कई ग्रामीणों के पास नमक, चीनी सहित अन्य आवश्यक सामग्री महज एक सप्ताह तक की रह गई है। बीमार अस्पताल नहीं आ पा रहे हैं।
विकासखंड के काठिंग, धौड़, कल्याणी, चिडंगा, जौला, बुड़जौला, त्रिकोट, सेरा, विजयपुर, बागाखेत और लोढ़ा गांव के ग्रामीण नंदकेशरी-जौला सड़क से आवागमन करते हैं। लेकिन यह सड़क त्रिकोट के पास भूस्खलन और नदी के कटाव से 50 मीटर सड़क टूट गई है जबकि वैकल्पिक तलवाड़ी-सेरा मोटर मार्ग पर पंतनगरी के पास काॅजवे क्षतिग्रस्त होने से सड़क बंद है। चार किमी पैदल चलकर लोनिवि कार्यालय पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता दिलबर सिंह, दिनेश जोशी, प्रकाश जोशी, राजेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह आदि का कहना है कि विभाग को सड़क खोलने के लिए कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी गई। लेकिन अभी तक सड़क नहीं खुल पाई जिसके चलते इन गांवों तक रसद का ढुलान नहीं हो पा रहा है। कई घरों में नमक और चीनी का स्टाक कुछ दिनों का रह गया है। यही नहीं तबीयत खराब होने पर ग्रामीण अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिस पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्रा ने बताया कि सड़क खोलने के लिए जल्द जेसीबी भेजी जा रही है।