बारिश से कर्णप्रयाग के पास मज्याड़ी गदेरा रहा उफान पर
- फोटो : Amar Ujala
मूसलाधार बारिश के चलते नदियां और गाड़ गदेरे उफान पर रहे। पिंडर नदी के उफान से थराली के बैनोली में बनी सिंचाई विभाग की सुरक्षा दीवार पानी के बहाव में बह गई।
जबकि देवाल के ऊड़ीबगड़ में भी बनी सुरक्षा दीवारें पानी बढ़ने के साथ धराशायी हो गई। वहीं नारायणबगड़ में प्राइमरी स्कूल भगोती का रसोई घर क्षतिग्रस्त हो गया।
8 घंटे बंद रहा नैनीताल हाईवे
शनिवार को बारिश के चलते नैनीताल हाईवे पाडली में 8 घंटे बंद रहा। यहां भारी मात्रा में बोल्डर आने से यातायात बाधित हुआ। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से पहाड़ियां चटक रही है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे पाडली में पहाड़ी से पूरी चट्टान टूटकर सड़क पर आ गई।
जिससे यहां कर्णप्रयाग-नैनीताल और कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर यातायात बंद हो गया। सड़क पर बडे़-बड़े बोल्डर आने से लोगों ने जान जोखिम में रखकर पैदल आवाजाही की। वहीं मरीजों को लोगों ने पीठ में ढो कर वाहनों तक पहुंचाया।
सड़क बंद होने से कुमाऊं, गैरसैंण, आदिबदरी, नारायणबगड़, थराली, देवाल, ग्वालदम सहित अन्य स्थानों को जाने वाले मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि सड़क बंद होने की सूचना पर शीघ्र यहां राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की ओर से जेसीबी मशीन लगा दी गई।
खंड के अवर अभियंता गौरव भट्ट ने बताया कि शाम पांच बजे सड़क यातायात के लिए खुल पाई। वहीं दूसरी ओर धारडुंग्री-मैखुरा मोटर मार्ग और देवाल का घेस-हिमनी मोटर मार्ग शनिवार को भी नहीं खुल पाया।