सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर उक्रांद के जिला संगठन मंत्री दिगंबर सिंह फरस्वाण ने दशोली ब्लाक के रांगतोली गांव के प्रतीक्षालय में आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय जनता ने भी उन्हें अपना समर्थन दिया। आंदोलनकारी दिगंबर सिंह फरस्वाण ने कहा कि फरस्वाण फाट इंटरमीडिएट कॉलेज में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी है। विद्यालय का उच्चीकरण कार्य भी अधर में लटका है। उन्होंने क्षेत्र में स्थित एलोपैथिक चिकित्सालय के उच्चीकरण, रांगतोली और हरमनी गांव के बीच चमोली-लासी सड़क के सुधारीकरण के साथ ही डामरीकरण शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।