गैरसैंण। थराली निवासी एक युवक का करीब 1.80 लाख रुपये कीमत का कीमती कैमरा गुम होने के छह दिन बाद पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद कोतवाली बुलाकर कैमरा उसके स्वामी को सुपुर्द कर दिया गया। थराली निवासी एक युवक ने कोतवाली गैरसैंण में सूचना दी थी कि गैरसैंण भ्रमण के दौरान उनका महंगा कैमरा कहीं गुम हो गया है। शिकायत पर पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की और कैमरा बरामद कर लिया। इसके बाद युवक को कोतवाली गैरसैंण बुलाकर उसका कैमरा सुरक्षित सौंप दिया गया। संवाद
नवदंपती ने रोपा पौधा
कर्णप्रयाग/गौचर। मैती समन्वयक राहुल चौहान के सानिध्य में बैनोली में स्थित नवदंपती आशीष और स्तुति ने अपनी शादी की याद में एक फलदार पौधा लगाया। मैती मुहिम का हिस्सा बनने पर राहुल चौहान ने उनको समस्त मैती संस्था परिवार की ओर से शुभकामनाएं दीं। वहीं बरसाली सिरोली में ओम प्रकाश रावत और ममता देवी की पुत्री के विवाह के अवसर पर मैती आंदोलन के तहत फलदार पौधा रोपा गया। मैती आंदोलन के सदस्य प्रदीप चौहान आदि मौजूद रहे। संवाद