नववर्ष के स्वागत के लिए पर्यटक स्थल औली तैयार है। इन दिनों बाहरी राज्यों से पर्यटकों का औली पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी ढाई सौ से अधिक पर्यटक रोपवे से औली पहुंचे। जबकि पांच सौ से अधिक पर्यटक अपने वाहनों से औली पहुंचे।
महाराष्ट्र से सपरिवार औली पहुंचे देवराज का कहना है कि औली का प्राकृतिक सौंदर्य अद्वितीय है। यह अनोखा अनुभव है। उनके साथ आए आयुषी, वैभव, सर्वेश व विमल ने कहा कि वे आगामी वर्ष भी औली आना चाहते हैं।
मध्य प्रदेश के हर्षित व दीप्ति का कहना है कि पहली बार बर्फ से लकदक पहाड़ों को करीब से देखने का मौका मिला है। दिल्ली के पवन वर्मा, प्रिया व श्वेता का कहना है कि औली आने की मन में उत्सुकता बनी रहती है।
औली में चल रहा स्कीइंग प्रशिक्षण
जोशीमठ। औली में जीएमवीएन की ओर से स्कीइंग प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में स्थानीय युवाओं के साथ ही पर्यटक भी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षक कुलदीप कवांण का कहना है कि 24 दिसंबर से औली में बर्फ नहीं गिरी है।
इससे बर्फ थोड़ा कम हो गई है। बावजूद इसके औली के ऊपरी ढलानों पर प्रतिदिन तीन से चार ग्रुपों को स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस वर्ष सबसे अधिक पर्यटक औली के दीदार को पहुंचे हैं। प्रतिदिन छह सौ पर्यटक औली पहुंच रहे हैं। बर्फवारी अच्छी होने पर और पर्यटक यहां पहुंचेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। - दिनेश भट्ट, प्रबंधक, रोपवे, जोशीमठ।
औली में चल रही एडवांस बुकिंग
औली में जीएमवीएन के साथ ही चार निजी होटल स्थित हैं। इन सभी होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है। औली में एक रात को करीब छह सौ पर्यटक रात्रि विश्राम कर सकते हैं। कई पर्यटक रात्रि विश्राम के लिए दस किमी दूर जोशीमठ पहुंच रहे हैं। जोशीमठ में भी कई होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है।