सिमली में चंडिका देवी रामलीला कमेटी की ओर से प्रतिवर्ष होने वाली रामलीला इस बार कोविड-19 को देखते हुए सूक्ष्म स्तर पर होगी। यहां आयोजित बैठक में कमेटी के सदस्यों ने कहा कि रामलीला स्थान पर 17 तारीख को हनुमान ध्वज प्रतिस्थापित किया जाएगा। प्रतिदिन रामलीला के रूप में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, भगवान श्रीराम व हनुमान जी की आरती होगी। पूर्व संध्या पर अखंड रामायण पाठ व राज्याभिषेक के दिन हवन होगा। बैठक में रामलीला कमेटी के संरक्षक भास्करानंद डिमरी, अध्यक्ष हरी सिंह, जयदीप गैरोला, नवदीप डिमरी, प्रदीप गैरोला, अरविंद राणा, विक्रम नेगी, संतोष गैरोला, संदीप डिमरी, पंकज आदि मौजूद थे।